शाहदरा में शेयर बाजार में पैसा लगाने के नाम पर ठगी करने वाले दो साइबर अपराधी गिरफ्तार

शाहदरा साइबर पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को हरियाणा के बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया है। मोबाइल और बैंक खातों की जांच जारी है।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में शाहदरा जिले की साइबर पुलिस ने शेयर बाजार में पैसा लगाने पर मोटा मुनाफा देने के नाम पर एक व्यक्ति से 1.16 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में दो लोगों को हरियाणा के बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान ललित कुमार (21) और प्रतीक कुमार (21) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, राम नगर निवासी पीड़ित अनिल कुमार बर्मन की शिकायत पर शाहदरा साइबर थाने में ई-प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पीड़ित ने बताया था कि उसे शेयर बाजार में निवेश करने पर मोटा मुनाफा देने का वादा किया गया था और अंतरराष्ट्रीय नंबरों से फोन आने के बाद, उसने पांच बार में 1.16 लाख रुपये का निवेश किया। जब उसने कथित लाभ वापस लेने का प्रयास किया, तो उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है।

डीसीपी ने बताया कि मामले की जांच करने के लिए एक टीम गठित की गई।

उनके अनुसार, जांच के दौरान टीम ने ठगी गई रकम से जुड़े बैंक खातों का विश्लेषण किया और पता चला कि ललित कुमार के खाते में 70,165 रुपये की राशि भेजी गई है। इसके बाद, ललित कुमार के खाते से प्रतीक कुमार के खाते में 85,000 रुपये भेजे गए।

पुलिस ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि एक बैंक खाते से नियमित रूप से बड़ी रकम जमा की जा रही थी। इस खाते से जुड़ी लगभग 5,000 शिकायतें राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज मिली।

मीणा ने बताया कि इसके बाद दोनों आरोपियों को बहादुरगढ़ के नेताजी नगर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने प्रतीक कुमार के पास से एक आईफोन-15 बरामद किया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस बरामद मोबाइल और बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण कर इस साइबर गिरोह से जुड़े अन्य सह-आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।