श्रमवीरों के परिश्रम और पसीने से हो रहा समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण : मुख्यमंत्री साय

विश्वकर्मा जयंती पर रायपुर में आयोजित श्रमिक महासम्मेलन में सीएम विष्णु देव साय ने श्रमिकों के लिए आधुनिक सुविधा केंद्र और ई-रिक्शा सहायता राशि बढ़ाने जैसी बड़ी घोषणाएं कीं।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बृहस्पतिवार को कहा कि श्रमिक अपने परिश्रम और पसीने से समृद्ध एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की नयी इबारत लिख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान है और सरकार उनके जीवन में सुरक्षा, सुविधा और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

साय ने विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन को संबोधित करते हुए श्रमिकों के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

उन्होंने शहरों में काम की तलाश में विभिन्न स्थानों पर जुटने वाले श्रमिकों के लिए आधुनिक श्रमिक सुविधा केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। इन केंद्रों में बैठने के साथ स्वच्छ पेयजल, मोबाइल चार्जिंग समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने पंजीकृत श्रमिकों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए ई-बाइक सहायता योजना शुरू करने की घोषणा की। साथ ही असंगठित क्षेत्र के रिक्शा चालकों को ई-रिक्शा खरीदने के लिए दी जाने वाली सहायता राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये करने का ऐलान किया।

अधिकारियों के अनुसार, महासम्मेलन में मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग की 26 योजनाओं के तहत डीबीटी के माध्यम से एक लाख 43 हजार से अधिक श्रमिकों के खातों में 51.32 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि अंतरित की और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि एवं सामग्री वितरित की।

साय ने बताया कि राज्य में श्रम विभाग के तीन मंडलों के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों के लिए 67 प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पिछले ढाई वर्षों में इन योजनाओं के तहत श्रमिकों तक एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंचाई गई है।

उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशभर से आए हजारों श्रमिक भाई-बहनों को विश्वकर्मा जयंती की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।

साय ने कहा, ‘‘गांवों के खेत-खलिहानों से लेकर शहरों की ऊंची इमारतों तक, सड़कों और पुलों से लेकर सिंचाई परियोजनाओं और उद्योगों तक प्रदेश की प्रगति की हर तस्वीर में हमारे श्रमिक भाई-बहनों की मेहनत समाहित है। छत्तीसगढ़ ने अपने गठन के 25 वर्षों में विकास के जो नए प्रतिमान स्थापित किए हैं, उनके पीछे हमारे मेहनतकश हाथों का बड़ा योगदान है। यही हाथ आने वाले वर्षों में विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को भी साकार करेंगे।’’

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।