Patna : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर बिहार भाजपा मुख्यालय में गुरुवार को कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम में शामिल होकर रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन एवं सार्वजनिक यात्रा से जुड़ी पुस्तकों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किया गया।
रक्तदान शिविर में युवाओं ने लिया हिस्सा

भाजयुमो और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने रक्तदान करने वाले युवाओं से मुलाकात की और उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने किया।
PM मोदी के जीवन पर आधारित पुस्तकों का स्टॉल

रक्तदान शिविर के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाजपा मुख्यालय में लगाए गए पुस्तक स्टॉल और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, संघर्ष, व्यक्तित्व और सार्वजनिक जीवन से संबंधित पुस्तकें रखी गई थीं।
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन तथा उनकी कार्ययात्रा से संबंधित पुस्तकों को पढ़ने की अपील की।
सेवा गतिविधियों पर रहा जोर
कार्यक्रम के दौरान सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश की सेवा और विकास से जुड़े रहे हैं। बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

