एएमयू एलुमनी वेलफेयर सोसाइटी ने नि:शुल्क हेल्थ चेकअप कैंप और करियर काउंसलिंग सत्र का किया आयोजन

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : एएमयू एलुमनी वेलफेयर सोसाइटी झारखंड की ओर से मिल्लत एकेडमी स्कूल में रविवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और युवाओं को शिक्षा एवं करियर के क्षेत्र में सही मार्गदर्शन देना था। यह अपने आप में पहली बार आयोजित ऐसा विशेष शिविर रहा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सीधे मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

स्वास्थ्य जांच शिविर में एम्स नई दिल्ली की मनोचिकित्सक डॉ. इफरह नाज़ ने तनाव, चिंता, डिप्रेशन और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर परामर्श दिया। वहीं एएमयू अलीगढ़ के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सफिक आलम ने दिल से संबंधित बीमारियों की जांच की। डॉ. निसात अहमद ने ब्लड शुगर, बीपी और अन्य पैथोलॉजी जांच की सेवाएं दीं, जबकि डॉ. सीमा गुप्ता ने महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं पर परामर्श दिया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सभी प्रकार की जांच और चिकित्सकीय परामर्श पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया।

करियर काउंसलिंग सत्र में इंजीनियर आमिर अनस, और अधिवक्ता शाहबाज अख्तर ने छात्रों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस मौके पर तबरेज अजीज़ ने कहा कि समाज की बेहतरी के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि एएमयू एलुमनी वेलफेयर सोसाइटी झारखंड भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके। इस आयोजन को सफल बनाने में तबरेज अजीज़, इबरारुल होदा मुनमुन, विरासत खान, आमिर अनस, जीशान अहमद, शाहबाज अख्तर, नजमूस शाकिब, प्रोफेसर ग़ालिब नश्तर, प्रोफेसर अब्दुल बासित, नदीम अख्तर, जावेद राजा, सैफुल हक, जुबैर खान ने अहम भूमिका निभाई। मुख्य अतिथि के रूप में खालिद उमर, तंजीम अहमद, लाइक अहमद मौजूद रहे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।