


डेस्क: टेक दिग्गज कंपनी एप्पल ने 9 सितंबर को iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max लॉन्च कर दिए। नए iPhone के बाजार में आते ही लोगों को उम्मीद थी कि पुराने मॉडल की कीमतों में कटौती होगी। लेकिन भारतीय ग्राहकों के लिए तस्वीर कुछ अलग ही है। पुराने iPhone सस्ते होने के बजाय और महंगे हो गए हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टैंडर्ड iPhone 17, अल्ट्रा-थिन iPhone Air, एंट्री-लेवल iPhone 17e और दो साल पुराना iPhone 16 अब पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत पर बिक रहे हैं।





Apple की नई प्राइस लिस्ट के अनुसार, iPhone 17 के 256GB वेरिएंट की शुरुआती कीमत पहले ₹82,900 थी। अब इसकी कीमत में सीधे ₹17,000 का इजाफा हुआ है। बढ़ी हुई कीमत के बाद iPhone 17 (256GB) अब ₹99,900 में उपलब्ध है। वहीं, इसके 512GB वेरिएंट की कीमत ₹1,24,900 हो गई है।
iPhone Air की कीमत में ₹30 हजार का उछाल
अल्ट्रा-थिन डिजाइन वाले प्रीमियम iPhone Air की कीमत में सबसे बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली है। यह फोन पहले ₹1,19,900 में लिस्ट था, लेकिन अब इसकी कीमत ₹30,000 बढ़कर ₹1,49,900 हो गई है।
iPhone 17e भी हुआ महंगा
Apple के एंट्री-लेवल मॉडल iPhone 17e की कीमत में भी ₹15,000 की बढ़ोतरी हुई है। पहले यह फोन ₹64,900 में उपलब्ध था, लेकिन अब इसकी कीमत बढ़कर ₹79,900 हो गई है। वहीं, पुराने iPhone 16 की कीमत में भी ₹10,000 का इजाफा किया गया है। कीमत बढ़ने के बाद अब iPhone 16 की नई कीमत ₹89,900 हो गई है।
