
रांची : पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा बुधवार को भाजपा की गुमला जिला इकाई की ओर से आयोजित जनआक्रोश प्रदर्शन में शामिल हुए। इस प्रदर्शन में उन्होंने झारखंड की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ आवाज बुलंद की।उन्होंने कहा कि राज्य में पानी की किल्लत, लगातार बिजली कटौती और बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी ने आम जनता का जीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। भीषण गर्मी में लोग पानी और बिजली जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं, लेकिन राज्य सरकार जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही है।
वहीं, केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए हजारों करोड़ रुपए का भी इस सरकार ने बंदरबांट कर दिया है, जो राज्य जनता की सुविधा के लिए भेजा गया था। इस दौरान लोहरदगा के पूर्व सांसद सुदर्शन भगत, पूर्व विधायक और भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शिव शंकर उरांव, पूर्व विधायक हरि कृष्ण सिंह, पूर्व विधायक कमलेश उरांव, झारखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू समेत पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

