राष्ट्रीय लोक अदालत में अरुणाचल प्रदेश के 202 मामलों का निपटारा

अरुणाचल प्रदेश में राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान 2,016 मामलों पर सुनवाई हुई, जिनमें 202 मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया। कुल समझौता राशि 2,38,89,413 रुपये रही।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत में सुनवाई के दौरान 202 मामलों का निपटारा किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। विवादों के त्वरित, कम खर्च वाले और सौहार्दपूर्ण निपटारे के उद्देश्य से दिनभर चले इस कार्यक्रम का आयोजन अरुणाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (एपीएसएलएसए) ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों (डीएलएसए) के समन्वय से किया।

एपीएसएलएसए के एक अधिकारी ने बताया कि उच्च न्यायालय और जिला अदालतों सहित राज्यभर में लोक अदालत की कुल 26 पीठ गठित की गई थीं। कार्यवाही के दौरान 2,016 मामलों पर विचार किया गया, जिनमें से 202 मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया। इनमें ऐसे लंबित मामले भी शामिल थे जो दो वर्ष से अधिक समय से जारी थे। अधिकारी ने बताया कि कुल समझौता राशि 2,38,89,413 रुपये रही।

लोक अदालत में मुकदमा दायर होने से पहले के मामलों और लंबित मुकदमों समेत विभिन्न श्रेणियों के प्रकरणों पर विचार किया गया। इनमें दीवानी विवाद, वैवाहिक मामले, मोटर दुर्घटना दावे, समझौता योग्य आपराधिक अपराध, राजस्व मामले, श्रम विवाद और बैंक ऋण वसूली से जुड़े मामले शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि समाज के सभी वर्गों के लिए न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस राज्यव्यापी कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्यों, पैनल अधिवक्ताओं और वादकारियों ने भाग लिया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।