रांची: झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) मुख्यालय ने SIR B-1 दुमका और SIR B-2 खूंटी के SPC उत्तीर्ण आरक्षियों की अंतिम राज्य वरीयता सूची जारी कर दी है। सूची में कुल 386 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। इस संबंध में डीआईजी जैप की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
अंतिम सूची में आदिम जनजाति वर्ग से जुड़े जवानों को भी वरीयता क्रम में स्थान दिया गया है। इसमें दुमका, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, लातेहार, गुमला, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम, पलामू, जामताड़ा, लोहरदगा, बोकारो, कोडरमा, रामगढ़ और चतरा समेत कई जिलों के पुलिसकर्मी शामिल हैं।
आपत्तियों के निपटारे के बाद जारी हुई सूची
जैप मुख्यालय ने अंतिम सूची जारी करने से पहले प्रोविजनल वरीयता सूची प्रकाशित की थी। संबंधित जवानों से इस सूची पर आपत्तियां और अनापत्ति मांगी गई थी।
प्राप्त दावों और आपत्तियों के निपटारे के लिए 10 सितंबर को वरीयता आपत्ति निराकरण समिति की बैठक हुई। समिति ने सभी प्राप्त दावों और आपत्तियों की नियमानुसार समीक्षा कर उनका निपटारा किया। समिति की अनुशंसा के बाद अब अंतिम राज्य वरीयता सूची प्रकाशित की गई है।
2017 में हुई थी नियुक्ति
सूची में शामिल पुलिसकर्मियों की नियुक्ति 5 जनवरी 2017 से 8 जनवरी 2017 के बीच हुई थी। अंतिम वरीयता सूची जारी होने के साथ ही संबंधित जवानों का राज्य स्तर पर वरीयता क्रम स्पष्ट हो गया है।
386 पुलिसकर्मियों की पूरी वरीयता सूची जैप मुख्यालय की ओर से जारी आधिकारिक आदेश में उपलब्ध है।

