
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह मंगलवार को 100 लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास तक मार्च करेंगे और ई20 ईंधन के खिलाफ ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में इसे बढ़ावा दे रही है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भारत ने अमेरिका से इथेनॉल खरीदने के लिए ट्रंप के सामने ‘‘घुटने टेक दिए’’ हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल को लगातार बढ़ावा देना किसी ‘‘छिपे हुए एजेंडे’’ का संकेत है।

