
नई दिल्ली : असम, केरल और पुडुचेरी में गुरुवार को लोकतंत्र का महापर्व जोरों पर है। यहां विधानसभा सीटों के लिए मतदान सुबह से जारी है, जहां करोड़ों मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इसके साथ ही नगालैंड की कोरीडांग सीट पर उपचुनाव भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रहा है। सभी स्थानों पर मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं और चुनाव आयोग द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी के इंतजाम किए गए हैं। इन चुनावों के नतीजे विभिन्न राज्यों की राजनीतिक दिशा तय करेंगे।
त्रिपुरा उपचुनाव: धर्मानगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान
उत्तरी त्रिपुरा जिले के धर्मानगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उपचुनाव में कुल 46,142 मतदाता छह उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। इस उपचुनाव में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है। महिला मतदाताओं की संख्या 23,758 और पुरुष मतदाताओं की संख्या 22,348 है। निर्वाचन अधिकारी देबजानी चौधरी ने कहा, ”सभी 55 मतदान केंद्रों पर उपचुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुआ। विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए कतारों में खड़े नजर आए।” उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ईवीएम औनगालैंड: कोरीडांग विधानसभा उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी
नगालैंड में कोरीडांग विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान बृहस्पतिवार सुबह से जारी है। चुनाव से संबंधित हिंसा की घटना में एक व्यक्ति की मौत होने के बाद मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच कराया जा रहा है। पिछले साल 11 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं इस सीट से विधायक इम्कोमग एल. इम्चेन (75) के निधन के कारण यह उपचुनाव आवश्यक हो गया था। इस विधानसभा उपचुनाव में छह उम्मीदवार मैदान में हैं। सत्तारूढ़ ‘पीपुल्स डेमोक्रेटिक अलायंस’ (पीडीए) का हिस्सा रही भाजपा ने दिवंगत विधायक के बेटे दाओचिर आई. इम्चेन को उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने टी. चालुकुम्बा आओ को इस सीट से मनोनीत किया है। ‘नेशनल पीपुल्स पार्टी’ के उम्मीदवार आई. अबेनजांग हैं और निर्दलीय उम्मीदवारों में इम्चटोबा इम्चेन, इम्तिवापांग और तोशिकाबा शामिल हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि सभी 30 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया और यह शाम चार बजे तक जारी रहेगा। इस चुनाव में कुल 22,382 लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं जिनमें 11,071 महिलाएं शामिल हैं। कुल मतदान केंद्रों में से 13 को संवेदनशील और 17 को अत्यंत संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है जहां अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और निगरानी बढ़ा दी गई है। दो मतदान केंद्रों पर सभी कर्मचारी महिलाएं हैं। पांच और छह अप्रैल को हुई हिंसा के बाद पूरे निर्वाचन क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
वीवीपैट के अलावा सभी मतदान केंद्र में वेबकास्टिंग सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा, ”स्वतंत्र, निष्पक्ष और हिंसा-मुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आठ से 10 अप्रैल के बीच चक्रवात की आशंका को देखते हुए सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त शेड बनाए गए हैं।” पिछले साल दिसंबर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधानसभा अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन के निधन के बाद उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।
पुडुचेरी में कुल 294 उम्मीदवार मैदान में
पुडुचेरी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। इस चुनाव में 9.50 लाख मतदाता सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पुडुचेरी और इसके कराईकल, माहे तथा यानम क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के बाहर उत्साह के साथ सुबह से कतार में खड़े दिखे। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। केंद्र शासित प्रदेश में पुडुचेरी के 23 विधानसभा क्षेत्र, कराईकल के पांच क्षेत्र तथा माहे और यानम की एक-एक विधानसभा सीट के लिए मतदान जारी है। कुल 9.50 लाख मतदाताओं में महिलाओं की संख्या (5.03 लाख) पुरुष मतदाताओं (4.46 लाख) से अधिक है। अधिकारियों के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश में 1,099 मतदान केंद्र हैं। इनमें से 209 को संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है और कुल 294 उम्मीदवार मैदान में हैं।
केरल में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान
केरल विधानसभा की सभी 140 सीट के लिए मतदान बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। मतदाता राज्य के 30,495 मतदान केंद्रों पर सुबह जल्दी पहुंचने लगे ताकि दिन चढ़ने के साथ बढ़ने वाली गर्मी से बचा जा सके। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन अपनी पत्नी और बेटी के साथ परवूर निर्वाचन क्षेत्र स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए सुबह जल्दी पहुंचे। इसी तरह वट्टियूरकावु विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार आर श्रीलेखा और पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस एवं पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने भी सुबह जल्दी पहुंचकर मतदान किया। मतदान कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच जारी है। इसके तहत 76,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई और वेबकास्टिंग प्रणाली का व्यापक पैमाने पर इस्तेमाल करते हुए चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है। राज्य की 140 विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे 883 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करीब 2.71 करोड़ मतदाता करेंगे। निर्वाचन आयोग (ईसी) के आंकड़ों के अनुसार, मतदाताओं में 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 ‘ट्रांसजेंडर’ शामिल हैं। इसके अलावा 2.42 लाख से अधिक प्रवासी मतदाता भी हैं। इस चुनावी प्रक्रिया के लिए निर्वाचन आयोग (ईसी) ने 1.42 लाख प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की है।
असम में विधानसभा की सभी 126 सीटों के लिए मतदान
असम विधानसभा की सभी 126 सीट के लिए मतदान शुरू हो गया जिसमें 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा। चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी है, जबकि कांग्रेस 2016 में हारने के बाद फिर से सरकार बनाना चाहती है। इन चुनाव के लिए मतदान एक ही चरण में होगा। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे समाप्त होगा। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। राज्य भर के 31,490 मतदान केंद्रों पर 2.50 करोड़ मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। इन मतदाताओं में 1.25 करोड़ महिलाएं और तृतीय लिंग के 318 मतदाता शामिल हैं।

