कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मोहसिना किदवई का निधन, खरगे और राहुल ने दुख जताया

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का बुधवार को 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया और पार्टी एवं देश के लिए बड़ी क्षति बताया। किदवई के परिवारिक सूत्रों ने बताया कि उन्होंने बुधवार तड़के करीब चार बजे नोएडा के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और कुछ दिन पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार में मोहसिना किदवई की तीन बेटियां हैं।
आज शाम पांच बजे दिल्ली के निजामुद्दीन में स्थित कब्रस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

खरगे ने उनके निधन पर दुख जताते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘कांग्रेस पार्टी की दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती मोहसिना किदवई के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने अपने जीवन के छह दशक देश की सेवा में समर्पित कर दिए।’ उन्होंने कहा, ‘वह लोकसभा और राज्यसभा दोनों की लंबे समय तक सदस्य और कई वर्षों तक कांग्रेस कार्य समिति की सदस्य रहीं, वह पार्टी के सबसे चुनौतीपूर्ण दौर में भी एक मार्गदर्शक बनी रहीं।’ खरगे ने कहा कि किदवई का निधन कांग्रेस पार्टी और देश के लिए एक गहरी क्षति है। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद मोहसिना किदवई जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। वह कांग्रेस पार्टी की एक अत्यंत वरिष्ठ और वफादार नेता थीं, जिनका पूरा जीवन जनसेवा का उदाहरण रहा है।’

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।