
Gumla News : गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रांची-गुमला मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर खरवागढ़ा के पास हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
घायल युवक की पहचान चेटो गौरटोली निवासी सुजीत उरांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुजीत सिसई की ओर से भरनो आ रहा था। इसी दौरान खरवागढ़ा के पास उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। हादसा इतना गंभीर था कि युवक को काफी चोटें आईं और वह कुछ समय तक सड़क पर ही पड़ा रहा।
घटना की सूचना मिलने के बाद भरनो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई वशिष्ठ नारायण सिंह ने पुलिस बल के साथ घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों के अनुसार दुर्घटना में युवक का एक हाथ टूट गया है, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-23 पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती आ रही है। लोगों ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह बाइक की तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खो देना माना जा रहा है।

