एक्सिस बैंक का शुद्ध लाभ दूसरी तिमाही में 39 प्रतिशत बढ़कर 7,704 करोड़ रुपये पर

एक्सिस बैंक का वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 39.4 प्रतिशत बढ़कर 7,704.67 करोड़ रुपये पहुंचा, जबकि शुद्ध ब्याज आय में 12 प्रतिशत वृद्धि दर्ज हुई।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई : निजी क्षेत्र के एक्सिस बैंक ने शनिवार को बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 39.4 प्रतिशत बढ़कर 7,704.67 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में बैंक का एकीकृत शुद्ध लाभ 5,527.85 करोड़ रुपये था। बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि एकल आधार पर उसका शुद्ध लाभ सितंबर तिमाही में 37.6 प्रतिशत बढ़कर 7,003.28 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 5,089.64 करोड़ रुपये था।

दूसरी तिमाही में बैंक का परिचालन लाभ छह प्रतिशत बढ़कर 11,083 करोड़ रुपये हो गया। बैंक का मुख्य परिचालन लाभ 11 प्रतिशत उछलकर 10,998 करोड़ रुपये रहा। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में परिचालन लागत सालाना आधार पर नौ प्रतिशत बढ़ी। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) 15,371 करोड़ रुपये रही, जो पिछली तिमाही से पांच प्रतिशत और सालाना आधार पर 12 प्रतिशत अधिक है।

एक बयान के अनुसार दूसरी तिमाही में बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) 3.36 प्रतिशत रहा। बैंक का कुल ऋण 30 सितंबर, 2026 तक सालाना आधार पर 23 प्रतिशत और तिमाही आधार पर नौ प्रतिशत बढ़कर 13,73,727 करोड़ रुपये पहुंच गया। खुदरा ऋण सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 7,39,905 करोड़ रुपये रहा और कुल शुद्ध ऋण में इसकी हिस्सेदारी 54 प्रतिशत रही।

समीक्षाधीन तिमाही में सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (जीएनपीए) अनुपात सुधरकर 1.16 प्रतिशत रहा, जो सालाना आधार पर 0.30 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 0.12 प्रतिशत कम है। शुद्ध एनपीए 0.35 प्रतिशत रहा, जो सालाना आधार पर 0.09 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 0.04 प्रतिशत कम है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।