पलामू के मेदिनीनगर में एक साथ उठे 5 जनाजे, रो पड़ा कांजी हाउस इलाका

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में भीषण सड़क हादसे में पलामू जिले के पांच लोगों की मौत के बाद मेदिनीनगर में जनाजों का अंतिम संस्कार हुआ, माहौल शोक में डूब गया

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पलामू जिले के पांच लोगों को रविवार को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। मेदिनीनगर के कांजी हाउस इलाके से जब एक साथ पांच जनाजे निकले तो पूरा क्षेत्र गमगीन हो उठा। अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए और सभी ने नम आंखों से मृतकों को अंतिम विदाई दी।

जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक धार्मिक स्थल किछौछा शरीफ से जियारत कर लौट रहे थे। इसी दौरान वाराणसी-आजमगढ़ हाईवे पर उनकी गाड़ी अचानक सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिसमें पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार देर रात जैसे ही शव घर पहुंचे, पूरे मोहल्ले में कोहराम मच गया और माहौल पूरी तरह शोक में डूब गया।

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अजमल आलम, सोहराब राइन, अरबाज खान, कैस आलम और हाजी अब्दुल रज्जाक के रूप में हुई है। सभी को पुलिस लाइन रोड स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। जनाजे की नमाज और अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, रिश्तेदार और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

वहीं, मुहर्रम मैनेजमेंट कमेटी के पदाधिकारियों ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे पलामू जिले में शोक का माहौल पसरा हुआ है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।