

चंडीगढ़ : मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कथित तौर पर बादशाह ने अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड, पंजाबी एक्ट्रेस व मॉडल ईशा रिखी के साथ गुपचुप तरीके से सात फेरे ले लिए हैं। मंगलवार को ईशा की मां पूनम रिखी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शादी से जुड़ी कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैल गई। हालांकि, अभी तक बादशाह या ईशा की तरफ से शादी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।





सादे समारोह में हुई शादी
वायरल हो रही तस्वीरों में देखा जा सकता है कि यह एक बेहद निजी समारोह था। इसमें सिर्फ परिवार और करीबी लोग ही शामिल हुए। तस्वीरों में बादशाह ने भूरे रंग का कुर्ता और गोल्डन साफा पहना हुआ है, जबकि ईशा पारंपरिक लाल रंग के सलवार-कमीज और ब्राइडल लुक में नजर आ रही हैं। दोनों के गले में वरमाला है। ईशा की मां पूनम रिखी ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “भगवान आप दोनों को आशीर्वाद दे।”
4 साल की डेटिंग और पहली शादी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बादशाह और ईशा रिखी पिछले करीब चार साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों की पहली मुलाकात एक पार्टी में कॉमन फ्रेंड्स के जरिए हुई थी। ईशा के करियर की बात करें तो उन्होंने 2013 में ‘जट्ट बॉयज पुत्त जट्टां दे’ से पंजाबी फिल्मों में कदम रखा था और 2018 में फिल्म ‘नवाबजादे’ से बॉलीवुड में शुरुआत की थी।
यह बादशाह की दूसरी शादी है। इससे पहले उनकी शादी 2012 में जैस्मिन मसीह से हुई थी, जिनसे उनकी एक बेटी जेसेमी ग्रेस मसीह सिंह है। साल 2020 में यह कपल अलग हो गया था। साल 2024 में एक पॉडकास्ट में बादशाह ने बताया था कि उन्होंने अपनी बेटी की भलाई के लिए अलग होने का फैसला किया था, क्योंकि वह रिश्ता अब स्वस्थ नहीं रह गया था। फिलहाल उनकी बेटी लंदन में रहती है।
