बलिया में विवाहित महिला से दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बलिया (उप्र) ; उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में विवाहित महिला से बलात्कार करने और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में शुक्रवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार महिला की तहरीर पर उसके पड़ोसी सिद्धार्थ सिंह (26) के खिलाफ दुष्कर्म से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) व जबरन वसूली से जुड़ी धारा 308 (1) के तहत हल्दी थाने में मामला दर्ज किया गया। महिला ने तहरीर में आरोप लगाया कि सिद्धार्थ ने 10 फरवरी को घर में उसके अकेले होने का लाभ उठाकर बलात्कार किया और वीडियो बना लिया।

शिकायत के अनुसार महिला ने कहा कि इसके बाद वह वीडियो के आधार पर उसे परेशान करने लगा तो वह गुजरात अपने पति के पास चली गई और पति को घटना की जानकारी दी। शिकायत में कहा गया है कि महिला और उसके पति ने सिद्धार्थ से वीडियो ‘डिलीट’ करने की बात की तो उसने उससे पांच लाख रुपये की मांग की। महिला ने शिकायत में कहा कि पति ने सिद्धार्थ के बैंक खाते में सत्तर हजार रुपये भेजे: लेकिन इसके बाद भी वह उसे परेशान करता रहा।

बैरिया क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आलोक गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी सिद्धार्थ को शुक्रवार दोपहर थाना क्षेत्र के बेलहरी गांव से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।