
रांची : 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में उम्मीदवारों का आंदोलन 11वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने भी अपनी भूमिका का निर्वाह करते हुए आंदोलनकारी छात्रों के लिए फूड पैकेट और मिनरल वाटर भिजवाया। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए बंधु ने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) में व्याप्त अनियमितता के विरुद्ध राज्य के छात्र-छात्रा और प्रतियोगी आन्दोलनरत हैं। हमारी मान्यता भी पूरी तरह पारदर्शिता और निष्पक्षता के पक्ष में है। ये सारी बातें सारगर्भित और प्रासंगिक है। लेकिन फिलहाल बात आन्दोलन की है। मेरी भी जिम्मेदारी हे, दायित्व है और बस अपनी उसी भूमिका को निभाया है। ज्यादा कुछ नहीं। मेरी ओर से आन्दोलनरत छात्रों के लिये फूड पैकेट्स, मिनरल वाटर जैसी मूलभूत जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया गया।

