धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में कर्मचारियों की संख्या लगातार घट रही है। कंपनी के निदेशक की रिपोर्ट के अनुसार 1 अप्रैल 2026 तक बीसीसीएल का कुल मैनपावर 30,361 रह गया है, जबकि 1 अप्रैल 2025 को यह 32,124 था। यानी एक वर्ष में 1,763 कर्मचारियों की कमी दर्ज की गई, जो करीब 5.8 प्रतिशत की गिरावट है।
रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक कमी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की संख्या में हुई है। कर्मचारियों की संख्या में यह गिरावट मुख्य रूप से सेवानिवृत्ति, मृत्यु और अन्य कारणों से हुई है। हालांकि इस दौरान कुछ नई नियुक्तियां और अनुकंपा के आधार पर बहालियां भी हुईं, लेकिन वे कुल कमी की भरपाई नहीं कर सकीं। लगातार घटती मैनपावर को लेकर श्रमिक संगठनों के बीच भी चिंता जताई जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय पर पर्याप्त नियुक्तियां नहीं हुईं तो भविष्य में उत्पादन और कार्य संचालन पर इसका असर पड़ सकता है।


