
Bengaluru Mumbai Train : बेंगलुरु और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू कर दी गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन बेंगलुरु के सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (SMVT) से चलकर मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक जाएगी।
रेल मंत्री ने कहा कि इस नई सेवा से दोनों शहरों के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में भी राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में बेंगलुरु-मुंबई रूट पर वंदे भारत स्लीपर सेवा भी शुरू की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का भी जिक्र किया गया। बताया गया कि कर्नाटक में कई रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास और उपनगरीय रेलवे प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
हालांकि, नई ट्रेन सेवा को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ लोगों ने अतिरिक्त रेल सुविधा का स्वागत किया, जबकि कुछ यात्रियों ने ट्रेन के यात्रा समय और सीमित स्टॉपेज को लेकर सवाल उठाए। कई यूजर्स का कहना है कि लंबा सफर समय यात्रियों के लिए चिंता का विषय हो सकता है।

