बिहार

बिहार विधानमंडल : मानसून सत्र में सदन के पटल पर रखे गए 11 विधेयक

इसके साथ विधानमंडल में वित्तीय वर्ष 2022-23 के आय व्ययक से संबंधित प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पेश किया गया

पटना: बिहार विधान मंडल (Bihar Legislature) के मानसून सत्र के पहले दिन शुक्रवार को सदन के पटल पर 11 विधेयकों को रखा गया।

इसके साथ विधानमंडल में वित्तीय वर्ष 2022-23 के आय व्ययक से संबंधित प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पेश किया गया।

उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री तार किशोर प्रसाद की गैर मौजूदगी में प्रभारी वित्त मंत्री के तौर पर मंत्री मंगल पांडेय ने इस प्रस्ताव को विस में रखा।

2022-23 में प्रस्तावित राशि 43,775.2315 करोड़ रुपये है, जिसमें वार्षिक स्कीम मद में 25,765.9789 करोड़ रुपये है।

स्थापना एवं प्रतिबद्ध व्यय मद में 17,954.7428 करोड़ रुपये एवं केंद्रीय क्षेत्र स्कीम मद में 54,5098 करोड़ रुपये है।

सदन के पटल पर रखे गए विधेयक

बिहार विनियोग विधेयक 2022, बिहार विनियोग (2) विधेयक 2022, बिहार कराधान विधि (समय-सीमा प्रावधानों का शिथिलिकरण) विधेयक 2022, बिहार शहरी आयोजना तथा विकास (संशोधन) विधेयक 2022, बिहार कृषि विवि (संशोधन) विधेयक 2022, बिहार राज्य विवि सेवा आयोग (संशोधन) विधेयक 2022, बिहार पुलिस (संशोधन) विधेयक 2022, बिहार राजकोषीय उत्तर दायित्व एवं बजट प्रबंधन (संशोधन विधेयक 2022, बिहार नगर पालिका (संशोधन) विधेयक 2022, बिहार मद्य निषेध और उत्पाद (संशोधन) विधेयक 2022 और बिहार निजी विवि (संशोधन) विधेयक 2021 है।

11 विधेयकों को सदन के पटल पर रखे जाने के बाद शोक प्रकाश हुआ और इसके बाद सदन की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

सदन की कार्यवाही 30 जून तक चलेगी। पांच दिनों तक चलने वाले इस बजट सत्र (budget session) में कुल पांच बैठक होनी है।

Back to top button
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker