
बिहार: बिहार समेत देशभर में अभी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बिहार में मौसम खराब होने की वजह से ठनका गिरने के कारण कई लोगों की मौत हो गई। बिहार के कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम के बदले मिजाज और भारी ठनका ने भारी तबाही मचाई है।
दो बच्चों की हुई मौत
ताजा मामला पूर्वी चंपारण के सुगौली का है। यहां कैथवलिया गांव में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
बच्चे को अस्पताल में कराया गया भर्ती
ग्रामीणों ने तुरंत घायल बच्चे को उठाया और सुगौली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सुगौली थाना प्रभारी अनीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और दोनों मृत बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया।

