
तमाड़ (रांची): तिरुलपीड़ि गांव में बीती रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। पूरी रात चले इस तांडव में हाथियों ने कई घरों को नुकसान पहुंचाया, घरों में रखा अनाज खा गए और घरेलू सामान भी तहस-नहस कर दिया। इतना ही नहीं, गांव में खड़ी कई बाइकों को भी रौंदकर तोड़ दिया गया। हादसे के वक्त घरों में मौजूद लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर सुरक्षित जगहों की ओर भागने में सफल रहे। हालांकि इस पूरी घटना ने ग्रामीणों को गहरे डर में डाल दिया है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि उनकी सालों की मेहनत और जमा पूंजी एक ही रात में बर्बाद हो गई।
घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है। प्रभावित लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से जल्द मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे अपने जीवन को दोबारा संभाल सकें। इधर, तमाड़ विधायक प्रतिनिधि मृत्युंजय महतो ने इस घटना पर गंभीर चिंता जताई है और वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को जल्द मुआवजा मिलना चाहिए और हाथियों के आतंक से बचाव के लिए स्थायी व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का आतंक इलाके में कोई नई बात नहीं है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लगातार बढ़ती घटनाओं से लोगों में डर के साथ-साथ गुस्सा भी बढ़ता जा रहा है।

