बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटकों और उनसे जुड़ी सामग्री के साथ नौ सौ से अधिक इलेक्ट्रॉनिक एवं नॉन-इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह बरामदगी शुक्रवार को सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए एक संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान हुई। उन्होंने बताया कि यह अभियान उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुजारीकांकेर गांव के पास पहाड़ी और जंगली इलाके में चलाया गया था, इसके लिए खुफिया जानकारी सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के खुफिया शाखा से मिली थी।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पुजारी कांकेर के दक्षिण-पूर्व दिशा में जंगल क्षेत्र में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया संदिग्ध डंप बरामद हुआ। जब डंप की तलाशी ली गई तब वहां से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि बरामद की गई वस्तुओं में 455 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 500 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, दो मल्टीमीटर, दो रेडियो सेट बैटरी चार्जर कप, दो कॉपर प्रोटोटाइपिंग बोर्ड, एक मल्टी-यूएसबी पोर्ट कार्ड रीडर, एक मोबाइल चार्जर, एक लैपटॉप एडाप्टर, 12वोल्ट एफ/एएम रिट्रैक्टेबल पावर एंटीना, एक टेलीस्कोपिक एंटीना, लगभग आठ मीटर इलेक्ट्रिक तार, एक रिले कंट्रोल सर्किट बोर्ड, एक डेटा केबल (टाइप-बी) और नक्सली साहित्य शामिल हैं।
इससे पहले सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार को उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ियों के पास माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (बीजीएल) शेल बरामद किया था।



