
रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने राज्य सरकार पर जनहित और युवाओं के मुद्दों से भागने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री सह शिक्षा मंत्री हेमंत सोरेन से तत्काल इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र की अवधि जानबूझकर छोटी रखी गई है ताकि सरकार को प्रदेश की चरमराती कानून-व्यवस्था, ट्रेजरी घोटाला और कौशल विकास योजना में हुई कथित धांधली पर जवाब न देना पड़े।
उन्होंने चौदहवीं जेपीएससी पीटी परीक्षा को तुरंत रद्द करने और पिछले सात वर्षों में आयोजित सभी जेपीएससी तथा जेएसएससी परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़े आरोपियों से पोस्ट-डेटेड चेक और जमीन के कागजात मिलने की बातें बेहद गंभीर हैं। इस मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में पिछले 13 दिनों से धूप और बारिश के बीच धरने पर बैठे छात्रों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की आवाज दबा रही है। साथ ही, उन्होंने नीट मुद्दे पर मुखर रहने वाले राहुल गांधी और कांग्रेस को राज्य के छात्रों के विषय पर मौन रहने के लिए आड़े हाथों लिया। उन्होंने मांग की कि सरकार सदन में स्पष्ट करे कि विभिन्न घोटालों में अब तक कितने लोगों पर चार्जशीट दाखिल हुई है और जांच किस मोड़ पर है। राज्य में पारदर्शिता और जनता का भरोसा बहाल करने के लिए सीबीआई जांच ही एकमात्र रास्ता है।

