
बोकारो : जिले के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर 12 ए काली मंदिर के पास रविवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब अतिक्रमण रोकने पहुंची बोकारो स्टील के सुरक्षा विभाग की टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया। इस हमले में दो होमगार्ड जवान घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बोकारो स्टील की खाली जमीन पर कुछ लोग झोपड़ीनुमा घर बनाकर अतिक्रमण कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर बोकारो स्टील के सिक्योरिटी विभाग के अधिकारी और सुरक्षा कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि टीम ने जब अतिक्रमण रोकने का प्रयास किया तो वहां मौजूद लोग आक्रोशित हो गए और सुरक्षा कर्मियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले से बचने के लिए अधिकारी और जवान वहां से जान बचाकर भागे। हालांकि इस दौरान दो होमगार्ड जवान अकरम अंसारी और बबलू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन ने हाल ही में बोकारो एयरपोर्ट बाउंड्री वॉल से सटे अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया था। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद हटाए गए लोग सेक्टर 12ए इलाके में दोबारा झोपड़ी बनाकर बसने की कोशिश कर रहे थे। इसी को रोकने के लिए सिक्योरिटी विभाग की टीम पहुंची थी।
मामले को लेकर डीएसपी सिटी आलोक रंजन ने बताया कि बोकारो स्टील के टीए विभाग की ओर से सेक्टर-12 थाना में आवेदन दिया गया है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला गंभीर मामला है और इसमें शामिल लोगों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

