
बोकारो : बोकारो के जरीडीह थाना क्षेत्र के न्यू शांति नगर में वार्ड संख्या 13 के पार्षद मंजय साव पर जानलेवा हमला हुआ। हमले में वार्ड पार्षद के सिर पर चोट लगी है, जिसके बाद उन्हें जरीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले जाया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी करने में जुट गई है। घटना को लेकर बताया जा रहा कि अपराधियों ने चाकू और धारदार हथियारों के साथ रात करीब साढ़े दस बजे उन पर हमला किया। किसी तरह मंजय साव मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
जानिए क्या है पूरा मामला
वहीं इस पूरे घटना को लेकर मंजय साव ने बताया कि उनके बड़े भाई की कार के लिए शशि वर्णवाल को चालक के रूप में रखा गया था। रविवार को वह गाड़ी को डैमेज कर वापस लाया था। इसी बात को लेकर मंजय साव ने उसे अगली बार से कार न चलाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों में बहस हो गई। बहस के बाद शशि अपने कुछ साथियों के साथ करीब साढ़े दस बजे दोबारा मौके पर पहुंचा। इसी दौरान दो हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए मंजय घर की ओर भागे, जबकि हमलावर भी उनके पीछे दौड़ पड़े। किसी तरह वह घर में घुसकर गेट बंद करने में सफल रहे। मंजय साव ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी शशि कई बार वाहन दुर्घटनाओं में शामिल रहा है।

