हेमंत सोरेन आज 338 अभ्यर्थियों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र, शिक्षा और महिला विकास विभाग को मिलेगी नई मजबूती

रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 338 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। सहायक आचार्य और महिला पर्यवेक्षक पदों पर नियुक्ति से राज्य की रोजगार प्रक्रिया को नई गति मिलेगी।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में सोमवार को आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कुल 338 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। यह कार्यक्रम राज्य सरकार की रोजगार एवं नियुक्ति प्रक्रिया को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

समारोह में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के तहत सहायक आचार्य पद पर चयनित 319 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इनमें 158 अभ्यर्थियों का चयन इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य तथा 161 अभ्यर्थियों का चयन स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य पद के लिए हुआ है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने इन अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा पिछले वर्ष दिसंबर में ही कर दी थी। जिला स्तर पर काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इन्हें औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं

इसके अलावा महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक सुरक्षा विभाग में महिला पर्यवेक्षक पद पर चयनित 19 अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। विभाग में चयनित 237 अभ्यर्थियों को पहले ही नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं, जबकि शेष 19 अभ्यर्थियों का प्रमाणपत्र सत्यापन पूरा होने के बाद अब उनकी नियुक्ति सुनिश्चित की गई है।

राज्य सरकार के अनुसार, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को लगभग एक हजार अन्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति संबंधी अनुशंसा भी प्राप्त हुई है। इन अभ्यर्थियों की जिला स्तर पर काउंसिलिंग प्रक्रिया जारी है और संभावना जताई जा रही है कि अगले माह उन्हें भी नियुक्ति पत्र सौंप दिए जाएंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले राज्य में सहायक आचार्य पद पर कुल 10,213 अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो चुकी है और वे विभिन्न विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि झारखंड प्राथमिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक शिक्षक संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2023 के माध्यम से कुल 26,001 पदों पर नियुक्ति प्रस्तावित थी, लेकिन योग्य अभ्यर्थियों की कमी के कारण बड़ी संख्या में पद अब भी रिक्त हैं। इनमें सर्वाधिक रिक्तियां पारा शिक्षक श्रेणी में बताई जा रही हैं।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।