रांची: राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रांची में शनिवार 3 अक्टूबर को दो प्रमुख कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। एक ओर जहाँ नए MBBS बैच के फाउंडेशन कोर्स ‘आरोहण-2026’ का समापन हुआ, वहीं दूसरी ओर कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा संचालित ‘पोषण माह 2026’ के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।

‘आरोहण-2026’ का समापन एवं व्हाइट कोट सेरेमनी
रिम्स में नए मेडिकल छात्रों के लिए आयोजित फाउंडेशन कोर्स ‘आरोहण-2026’ के समापन अवसर पर ‘व्हाइट कोट सेरेमनी’ का आयोजन किया गया। इस दौरान नवनामांकित विद्यार्थियों ने महर्षि चरक शपथ ग्रहण कर चिकित्सा सेवा, करुणा, नैतिकता एवं मानवीय मूल्यों को अपने पेशे में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में रिम्स के निदेशक, डीन, डीन स्टूडेंट वेलफेयर, MEU कोऑर्डिनेटर और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष व संकाय सदस्य उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्रों को अनुशासन, संवेदनशीलता और मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण विकसित करने की प्रेरणा दी। फाउंडेशन कोर्स के सफल संचालन में योगदान देने वाले फैकल्टी फैसिलिटेटर्स, आयोजकों और वॉलंटियर्स को प्रमाण-पत्र तथा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। संस्थान की ओर से घोषणा की गई कि नए MBBS बैच की नियमित शैक्षणिक कक्षाएं सोमवार 5 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगी।
पोषण माह के तहत स्वास्थ्य और संतुलित आहार का संदेश
इसी दिन रिम्स के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा विभागाध्यक्ष डॉ. शालिनी सुंदरम के मार्गदर्शन में ‘पोषण माह 2026’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अंतर्गत संतुलित एवं विविधतापूर्ण आहार, मोटे अनाज, हरी पत्तेदार सब्जियों और स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के सेवन पर जोर दिया गया ताकि कुपोषण की रोकथाम की जा सके।
पोषण जागरूकता के तहत RHTC और UHTC केंद्रों पर IEC गतिविधियों का संचालन हुआ। इसके अलावा, 1 अक्टूबर को पोस्टर प्रतियोगिता तथा 3 अक्टूबर को प्रभात फेरी एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों और स्थानीय समुदाय ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रिम्स प्रशासन ने बताया कि उचित पोषण स्वस्थ समाज की आधारशिला है और इस तरह के जागरूकता अभियानों से जन-स्वास्थ्य को मजबूती मिलती है।


