जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ की छात्र इकाई के कार्यकर्ता हिरासत में

आम आदमी पार्टी की छात्र इकाई 'एएसएपी' के कार्यकर्ता जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तभी दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही आम आदमी पार्टी (आप) की छात्र इकाई ‘एएसएपी’ के कार्यकर्ताओं को शनिवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। संगठन ने आरोप लगाया कि पुलिस थाने ले जाने से पहले उन्हें कई घंटों तक एक बस में दिल्ली की सड़कों पर घुमाया गया।

‘आप’ की दिल्ली प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने छात्र कार्यकर्ताओं को लगातार हिरासत में रखे जाने पर सवाल उठाए। वहीं, ‘एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स’ (एएसएपी) ने दावा किया कि उनके सदस्यों को शाम साढ़े सात बजे के बाद भी जाफरपुर पुलिस थाने में हिरासत में रखा गया था।

‘आप’ की छात्र इकाई के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिये जाने के बाद कार्यकर्ताओं को एक बस में बैठाकर कई घंटों तक दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में घुमाया गया।

‘सोशल मीडिया’ मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में एएसएपी के सदस्यों ने कटाक्ष करते हुए पुलिस की इस व्यवस्था को “मुफ़्त दिल्ली दर्शन बस सेवा” करार दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग शहर के अलग-अलग हिस्से देखना चाहते हैं, वे जंतर-मंतर आकर मुफ्त में यात्रा कर सकते हैं।

वीडियो में सदस्यों ने कहा, “शुक्रवार को हमें बदरपुर की तरफ घुमाया गया था और आज हमें सीमा के पास जाफरपुर ले जाया जा रहा है।”

कार्यकर्ताओं ने चुटकी लेते हुए यह भी सुझाव दिया कि रविवार को उन्हें आनंद विहार ले जाया जाए।

भारद्वाज ने सवाल उठाया कि ‘आप’ की छात्र इकाई के कार्यकर्ताओं को शाम तक हिरासत में क्यों रखा गया, जबकि एएसएपी ने दोहराया कि उसके सदस्य शाम साढ़े सात बजे के बाद भी जाफरपुर थाने में ही मौजूद थे।

इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

‘आप’ और उसकी छात्र इकाई ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में गड़बड़ियों को लेकर शुक्रवार को प्रदर्शन किया था और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की थी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।