
Drug Smuggling : राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पुरानी रांची इलाके में पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमसेर और भोला के रूप में हुई है। दोनों के पास से 9 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि चिन्मय कारखाना के आसपास दोनों आरोपी ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।
ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस, रंगे हाथों पकड़े गए आरोपी
कोतवाली थाना प्रभारी सूरज कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस टीम ग्राहक बनकर मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया है। वहीं, पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

