
बुंडू : झारखंड आंदोलन के महानायक और वीर शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस के अवसर पर शनिवार को ताऊ मोड़ स्थित निर्मल चौक में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उलगुलान मोर्चा के सदस्यों ने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उलगुलान मोर्चा के अध्यक्ष मुकेश मुंडा ने कहा कि निर्मल महतो ने झारखंड की पहचान, अधिकार, जल-जंगल-जमीन और झारखंडी अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी शहादत झारखंड के लोगों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि शहीद निर्मल महतो के सपनों के झारखंड के निर्माण के लिए सभी लोग एकजुट होकर संघर्ष करें। आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकार, सम्मान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए उलगुलान मोर्चा लगातार आवाज उठाता रहेगा। इस अवसर पर महासचिव लक्ष्मण मुंडा, रामवृक्ष साहू, रमन गुप्ता, पुरंदर कुमार, गौरसिंह मुंडा, रितिक बिद सहित मोर्चा के अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी उपस्थित सदस्यों ने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके संघर्ष और विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

