पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए सीआरपीएफ और रोटरी क्लब का साझा प्रयास, परिसर में रोपे गए 1000 पौधे

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : रांची स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय दूरसंचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी तिरिल परिसर में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ रांची के सहयोग से एक वृहद पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के पहले चरण में परिसर में 1000 फलदार और छायादार पौधे रोपे गए, जबकि बाकी बचे पौधों को आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से लगाया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सीआरपीएफ झारखंड के पुलिस महानिरीक्षक साकेत कुमार सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय के पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश कुमार सहाय और झारखंड सेक्टर के पुलिस उपमहानिरीक्षक केके पांडेय सहित बल के वरिष्ठ अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब ऑफ रांची के अध्यक्ष ललित त्रिपाठी ने पौधों की सुरक्षा पर बल देते हुए कहा कि केवल पौधा लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि असली जिम्मेदारी उसे एक पूर्ण पेड़ के रूप में विकसित करना है। उन्होंने भरोसा जताया कि सीआरपीएफ जैसे अनुशासित संस्थान के साथ मिलकर लगाए गए इन सभी पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।

इस दौरान रोटरी क्लब के सदस्य भंडारी लाल, हरमिंदर सिंह, दीपक श्रीवास्तव, भावना तनेजा, अतुल अग्रवाल, पवन जायसवाल, बिनोद कुमार और शीतल अग्रवाल भी मौजूद रहे। आयोजकों ने इस पहल को पर्यावरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे अभियान न केवल आज के पर्यावरण संतुलन को सुधारते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित, स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण भी करते हैं।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।