
चिकमगलुरु (कर्नाटक): चिकमगलुरु जिले के कोट्टिगेहारा के पास एक कार और रसोई गैस सिलेंडर से लदे ट्रक की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार कार कथित तौर पर अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। तुमकुरु निवासी कार सवार लोग धर्मस्थल जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर पास के अस्पताल पहुंचाने में मदद की। दो घायलों का आपातकालीन विभाग में उपचार किया जा रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

