मप्र : महिला पार्षद के वजन को लेकर मजाकिया टिप्पणी पर विजयवर्गीय ने खेद जताया

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

इंदौर : मध्यप्रदेश के काबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर की एक महिला पार्षद का वजन बढ़ने को लेकर अपनी मजाकिया टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद पैदा होने के बाद मंगलवार को खेद जताया, लेकिन यह दावा भी किया कि कांग्रेस ने उनके बयान को गलत तरह से पेश किया। सोशल मीडिया पर सामने आए विजयवर्गीय के वीडियो में उन्हें कहते सुना गया,‘‘मेरे विधानसभा क्षेत्र की एक बेहद सक्रिय पार्षद के वॉर्ड में विकास के काफी कार्य हुए। उस दौरान मेरे भाषण में मैंने उनके बारे में जो भी शब्द कहे, उन्हें कांग्रेस के लोगों ने काफी गलत तरीके से पेश किया।’’

उन्होंने कहा कि यह महिला पार्षद उनकी बेटी जैसी है और उन्होंने उसे बचपन में अपनी गोद में खिलाया है। विजयवर्गीय ने कहा कि जिस तरीके से कांग्रेस नेताओं ने उनके बयान को पेश किया और मीडिया ने भी उसे खबरों में स्थान दिया, उससे वह और महिला पार्षद, दोनों दुखी हैं। उन्होंने कहा,‘‘मैं इस संबंध में खेद प्रकट करता हूं।’’ विजयवर्गीय ने इंदौर में गत रविवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में महिला पार्षद का वजन बढ़ने की ओर इशारा करते हुए हास-परिहास में कहा था कि उसकी चौड़ाई थोड़ी-सी बढ़ गई है।

कांग्रेस ने इस टिप्पणी को ‘बॉडी शेमिंग’ (किसी व्यक्ति की शारीरिक बनावट को लेकर उसे शर्मिंदा करना) से जोड़ते हुए महिला सम्मान को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दावों पर सवाल उठाए हैं।
विजयवर्गीय के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया जिसमें काबीना मंत्री की इस टिप्पणी के बाद मंच पर बैठे नेता हंसते नजर आ रहे हैं।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।