रांची: रांची नगर निगम ने खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल में टोल टैक्स वसूली की व्यवस्था को अपने हाथ में ले लिया है। निगम द्वारा 25 सितंबर 2026 से विभागीय स्तर पर टोल टैक्स का संग्रह शुरू कर दिया गया है। इस व्यवस्था को पूरी तरह से सुव्यवस्थित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए 15 दिनों का विशेष रोस्टर तैयार किया गया है।

इस नई व्यवस्था के तहत राजस्व निरीक्षक, सैनिटरी सुपरवाइजर और परिसंपत्ति अधीक्षक की संयुक्त टीम टोल टैक्स वसूली की देखरेख कर रही है। यह वसूली प्रतिदिन दो पालियों में सुबह 4 बजे से लेकर रात्रि 10 बजे तक निर्धारित दरों के आधार पर की जा रही है। नगर निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अब तक बस टर्मिनल परिसर से लगभग 1.50 लाख का टोल टैक्स वसूल किया जा चुका है। बस टर्मिनल परिसर में टोल टैक्स की दरें 24 घंटे के लिए तय कर दी हैं। जिसमें बस के लिए 150 और ऑटो के लिए 20 रुपये निर्धारित है।
नगर निगम ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित दर के अनुसार ही टोल टैक्स का भुगतान करें। यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी अतिरिक्त अथवा अनाधिकृत राशि की मांग करता है, तो इसकी तुरंत सूचना रांची नगर निगम को दें। बस टर्मिनल में यात्रियों और वाहन चालकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने तथा अवैध वसूली व अतिक्रमण पर रोक लगाने के लिए नगर निगम ने इन्फोर्समेंट टीम की प्रतिनियुक्ति कर दी है। यह टीम परिसर में किसी भी प्रकार के अनाधिकृत कब्जे, अव्यवस्था या अवैध वसूली पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।


