खेत में बैठा था बुजुर्ग, पीछे से आरोपी ने रेत दिया गला…जमीन विवाद में हत्या की गुत्थी सुलझी

तमाड़ के बारेडीह गांव में जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त लोहे की दाउली बरामद, न्यायिक हिरासत भेजा गया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बुंडू: तमाड़ थाना क्षेत्र के बारेडीह गांव में 70 वर्षीय गोविन्द्र महतो की गला रेतकर की गई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी कुईला महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की दाउली भी बरामद कर ली है।

बुंडू के एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि गोविन्द्र महतो और आरोपी कुईला महतो के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी वजह से दोनों पक्षों के बीच अक्सर कहासुनी और झगड़े होते रहते थे।

पुलिस जांच के मुताबिक, 24 जून की दोपहर गोविन्द्र महतो अपने खेत में धान का बीज डालने गए थे। बीज बोने के बाद वह खेत में एक पेड़ की छांव में बैठकर आराम कर रहे थे। तभी आरोपी कुईला महतो चुपचाप पीछे से पहुंचा और लोहे की दाउली से उनकी गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर वार के कारण गोविन्द्र महतो की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने आरोपी कुईला महतो को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की दाउली भी विधिवत बरामद कर ली गई।

एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले से जुड़े जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। शुरुआती जांच में हत्या की मुख्य वजह जमीन को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद सामने आया है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।