
Income Tax Department : केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत आयकर विभाग में बड़े पैमाने पर तबादला और पदस्थापन आदेश जारी किया है। इस फेरबदल का असर झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद और हजारीबाग समेत कई प्रमुख शहरों में देखने को मिला है। प्रिंसिपल कमिश्नर (PCIT), कमिश्नर (CIT), एडिशनल, ज्वाइंट, डिप्टी और असिस्टेंट कमिश्नर स्तर के कई अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
सलिल मिश्रा बने जमशेदपुर के नए PCIT
आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, सलिल मिश्रा को पदोन्नति देते हुए PCIT (RU)-1, जमशेदपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही उन्हें रांची PCIT का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं, रांची में लंबे समय से कार्यरत अमिताभ कुमार सिन्हा का तबादला दिल्ली कर दिया गया है, जहां वे PCIT (AU)-1 का दायित्व संभालेंगे।
कमिश्नर स्तर पर कई अहम बदलाव
CBDT ने कमिश्नर (CIT) रैंक के अधिकारियों में भी व्यापक फेरबदल किया है। आशीष कुमार देहरिया को CIT (Appeal) Unit-1, रांची में पदस्थापित किया गया है। वहीं, हुइड्रोम रोबिंद्रो सिंह को धनबाद CIT (Appeal) Unit-1 का नया कमिश्नर बनाया गया है। संजय कुमार को हजारीबाग स्थित ADG (NADT-RC) की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि भारत भूषण गर्ग को जमशेदपुर CIT (Appeal) Unit-1 का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
निशा उरांव को रायपुर में नई जिम्मेदारी
झारखंड कैडर की अधिकारी राखी निशा ओरांव को छत्तीसगढ़ के रायपुर में CIT (Appeal) Unit-1 के पद पर कमिश्नर रैंक की नई जिम्मेदारी दी गई है। इसे उनके करियर की महत्वपूर्ण पदस्थापना माना जा रहा है।
अन्य अधिकारियों में भी बदलाव
एडिशनल और ज्वाइंट कमिश्नर स्तर पर भी कई अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। इनमें स्वरलिपि रॉय, संदीप गांगुली, राहुल मिश्रा, अदिति रॉय मल्लिक, संदीपन खान और रविकांत कुमार चौधरी शामिल हैं। वहीं, डिप्टी और असिस्टेंट कमिश्नर स्तर पर सम्राट सुबोध कुमार, सुरेंद्र चौधरी, चंद्रकांत झा, गौरव मल्लिक, शिव प्रिया और अंकित मिश्रा को नई जिम्मेदारियां मिली हैं।
28 मई तक जॉइनिंग का निर्देश
CBDT ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि स्थानांतरित और नवपदस्थापित सभी अधिकारियों को 28 मई 2026 तक हर हाल में अपने नए कार्यस्थल पर योगदान देना होगा। इसके लिए बोर्ड ने सख्त समयसीमा तय की है।

