
सेउटा (स्पेन): मोरक्को के साथ स्पेन के सेउटा सीमा संकट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 67 हो गई है। स्पेन सरकार ने शनिवार को यह जानकारी दी। स्पेन सरकार ने कहा कि मृतकों में कुछ ऐसे लोग शामिल हैं जो डूब गए और कुछ ‘ब्रेकवॉटर बैरियर’ को पार करने की भगदड़ में मारे गए। स्पेन ने घोषणा की कि वह ब्रेकवाटर (लहररोधी बांध) की बाड़ के साथ एक अवरोधक दीवार खड़ी कर रहा है। इससे पहले बृहस्पतिवार और शुक्रवार को करीब 60000 प्रवासी स्पेन के इस क्षेत्र (सेउटा) में घुस गये थे।
शनिवार सुबह तैरकर सेउटा के ताराजल तट पर पहुंचे कुछ थके-हारे प्रवासियों को सैनिकों ने सीमा के पार वापस भेज दिया। स्पेन के गृह मंत्रालय का कहना है कि उत्तरी अफ्रीका में स्पेन के इलाके में दाखिल होने वाले ज़्यादातर लोग पहले ही मोरक्को लौट चुके हैं। इसके बावजूद, 84,000 की आबादी वाले स्वायत्त शहर सेउटा के निवासियों की सुरक्षा पर असर पड़ा। सेउटा के प्रशासनिक प्रमुख जुआन जीसस विवाज़ ने कहा, ‘‘सीमा पर हुई घटना के कारण इस शहर में जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।’’

