चतरा : जिले के टंडवा में स्थित एनटीपीसी के उत्तरी कर्णपुरा मेगा विद्युत ताप परियोजना की निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट में एक बड़ी दुर्घटना हुई है। बुधवार को करीब 11:45 बजे यह घटना हुई है। इस दुर्घटना में घटनास्थल पर ही तीन मजदूरों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए टंडवा स्थित संजीवनी हास्पिटल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि फिलहाल मृतकों की संख्या स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा एनटीपीसी के सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर हुआ, जहां कन्वेयर बेल्ट निर्माण का कार्य चल रहा था। इधर, हादसे के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर शोक जताया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि चतरा स्थित एनटीपीसी में हुई दुर्घटना में जनहानि की खबर अत्यंत दुःखद है। इस हादसे में प्रभावित लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। जिला प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।



