
Jharkhand News : हेमंत सोरेन ने 7 वर्षीय प्रतिभाशाली तैराक इशांक सिंह को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए 5 लाख रुपये का चेक और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित किया गया।
इशांक सिंह ने 30 अप्रैल को लगातार 9 घंटे 50 मिनट तक तैरते हुए भारत और श्रीलंका के बीच स्थित पाल्क स्ट्रेट को पार कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। इतनी कम उम्र में इस उपलब्धि को हासिल कर उन्होंने पूरे देश और खासकर झारखंड का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इशांक की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता राज्य के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि झारखंड में बेहतर खेल नीति लागू की गई है, जिसके तहत खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को तैराकी प्रशिक्षण और उससे जुड़ी सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य योजना तैयार करने का निर्देश भी दिया।
इस अवसर पर इशांक सिंह के माता-पिता और उनके कोच को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इशांक भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर झारखंड का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

