भाजपा ने राज्यसभा चुनाव को बनाया धनबल का खेल, अपने नेताओं पर नहीं रहा भरोसा : कांग्रेस

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने राज्यसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को भाजपा की ओर से समर्थन दिए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि भाजपा का यह निर्णय लोकतांत्रिक मूल्यों के बजाय “थैलीशाही” और धनबल की राजनीति को बढ़ावा देने वाला है। उन्होंने ने कहा कि भाजपा का यह कदम इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि उसे अब अपने ही नेताओं, कार्यकर्ताओं और संगठन पर भरोसा नहीं रह गया है। जिस पार्टी के पास देश और राज्य में बड़ा संगठन होने का दावा है, वह यदि राज्यसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार खड़ा करने के बजाय एक निर्दलीय उम्मीदवार के पीछे खड़ी होती है, तो यह उसके आत्मविश्वास की कमी और राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाता है।

सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार विचारधारा और सिद्धांतों की राजनीति की बात करती है, लेकिन व्यवहार में वह धनबल और प्रभावशाली व्यक्तियों के सहारे राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करती है। राज्यसभा जैसी महत्वपूर्ण संस्था में ऐसे समर्थन का संदेश यह जाता है कि भाजपा जनसंघर्ष से निकले नेताओं और समर्पित कार्यकर्ताओं के बजाय संसाधन संपन्न लोगों को प्राथमिकता दे रही है। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा को झारखंड की जनता को बताना चाहिए कि आखिर उसके पास ऐसा कौन-सा नेता नहीं था जो राज्यसभा में पार्टी और राज्य का प्रतिनिधित्व कर सके। यह निर्णय भाजपा के उन हजारों समर्पित कार्यकर्ताओं का भी अपमान है, जो वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।

कांग्रेस ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों की ताकत उनके सिद्धांत, कार्यकर्ता और जनता का विश्वास होता है, न कि धनबल और प्रभाव का प्रदर्शन। भाजपा का यह फैसला साबित करता है कि उसके कथनी और करनी में बड़ा अंतर है।
कांग्रेस ने विश्वास व्यक्त किया कि झारखंड की जनता और जनप्रतिनिधि इस राजनीति को समझते हैं तथा लोकतांत्रिक मूल्यों, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाली राजनीति का समर्थन करेंगे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।