रांची : झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, 3 और 4 अक्टूबर को राज्य में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहेगा। लेकिन 5 अक्टूबर से कई जिलों में बादल छाने के साथ बारिश का दौर शुरू हो सकता है। हालांकि, अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 5 अक्टूबर को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की भी संभावना है।

इसके बाद 6 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी जिलों के अलावा रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में भी बारिश के आसार हैं। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है। 7 अक्टूबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, 8 अक्टूबर को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में बारिश होने के आसार हैं।
रांची में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रांची की बात करें तो 3 और 4 अक्टूबर को आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 3 अक्टूबर को रांची में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 4 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 5 अक्टूबर को रांची में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दिन अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इसके बाद 6 और 7 अक्टूबर को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं, 8 अक्टूबर को आंशिक बादल छाए रहने और मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है।
मॉनसून की वापसी के लिए बन रही अनुकूल स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड से मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां धीरे-धीरे अनुकूल हो रही हैं। हालांकि, अगले कुछ दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने 3 से 8 अक्टूबर तक राज्य के किसी भी हिस्से के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।


