
Cyber Crime Investigation : बढ़ते डिजिटल अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राजधानी रांची के होटवार स्थित अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। “साइबर अपराध का अनुसंधान” विषय पर आयोजित इस प्रशिक्षण में पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को साइबर अपराधों की जांच से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिन्हा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने साइबर अपराधों की बदलती प्रकृति को देखते हुए पुलिस बल के तकनीकी रूप से दक्ष होने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद से आए तीन अनुभवी प्रशिक्षक प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल भुगतान से जुड़े अपराध, घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्य संकलन, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराध, सीडीआर और आईपीडीआर विश्लेषण, डार्क वेब तथा क्रिप्टोकरेंसी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण में झारखंड पुलिस की विभिन्न इकाइयों से आए आरक्षी, सहायक अवर निरीक्षक, अवर निरीक्षक और पुलिस निरीक्षक स्तर के कुल 78 पुलिसकर्मी हिस्सा ले रहे हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य साइबर अपराधों की जांच क्षमता को मजबूत करना और डिजिटल युग की चुनौतियों के अनुरूप पुलिस बल को तैयार करना है।

