
हजारीबाग: कटकमदाग थाना क्षेत्र के परसई गांव में रविवार को ग्रामीणों और मृतक राजेश साव के परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि राजेश साव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को करीब दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक मामले में किसी पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इसी वजह से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि यह कोई सामान्य मौत नहीं थी, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का परिणाम थी। इसके बावजूद जांच में अब तक कोई खास प्रगति दिखाई नहीं दी है और न ही किसी की गिरफ्तारी हुई है।
प्रदर्शन के दौरान मृतक की पत्नी ने कहा कि उनका परिवार पिछले दो महीनों से न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की मांग की। वहीं ग्रामीणों ने भी चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो उनका आंदोलन आगे भी जारी रह सकता है।


