- लाइव डेमोंस्ट्रेशन में विद्यार्थियों को बताई समूह चर्चा की बारीकियां, उपस्थिति बढ़ाने का निर्देश
नामकुम: रांची जिले में संचालित #LetsTalkRanchi कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नामकुम प्रखंड के राजकीयकृत मध्य विद्यालय टाटीसिलवे में ग्रुप डिस्कशन का लाइव डेमोंस्ट्रेशन हुआ. कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने शिरकत की. विद्यालय पहुंचने पर बाल सांसदों और छात्राओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ उनका स्वागत किया.

इस दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक ने विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने शिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति कम पाए जाने पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को उपस्थिति में सुधार लाने तथा बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
इसके बाद डीएसई बादल राज विद्यार्थियों के बीच बैठकर ग्रुप डिस्कशन में शामिल हुए. उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए समूह चर्चा के तौर-तरीकों और उसकी बारीकियों की जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी बात स्पष्ट और आत्मविश्वास के साथ रखने, दूसरों की बात ध्यान से सुनने और चर्चा में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया.

उन्होंने कहा कि ग्रुप डिस्कशन बच्चों में आत्मविश्वास के साथ-साथ अपनी बात रखने, दूसरों के विचार समझने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का बेहतर माध्यम है. विद्यार्थियों को नियमित रूप से इस गतिविधि में शामिल कर उनकी झिझक दूर करने और अभिव्यक्ति क्षमता को मजबूत करने की जरूरत है.
डीएसई ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि जिले के सभी मध्य विद्यालयों में #LetsTalkRanchi कार्यक्रम का नियमित रूप से संचालन किया जाए. उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके प्रदर्शन में लगातार सुधार पर भी ध्यान दिया जाए.
कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर विद्यालय में तैयार मध्याह्न भोजन भी ग्रहण किया. उन्होंने बच्चों से बातचीत करते हुए विद्यालय की गतिविधियों और उनकी पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली.
मौके पर जिला नोडल अमित दत्ता, प्रखंड नोडल शिक्षिका टुंपा माल, विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापक एलिस एवलिन टोपनो, अनिता कुमारी, कुमारी नीलिमा रानी, आराधना सिंह, ऋतम प्रिया सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद थे.

