खलारी : खलारी डीएवी पब्लिक स्कूल, खलारी में गुरुवार को संविधान दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रांगण में एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, इसके निर्माण और मौलिक कर्तव्यों से अवगत कराना था।

कार्यक्रम की शुरुआत में कक्षा बारहवीं की छात्रा सुभ्रा चक्रवर्ती ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका) की शपथ दिलाई। तदुपरांत समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य डॉ कमलेश कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जो देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। उन्होंने छात्रों को केवल अधिकारों के प्रति ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने मौलिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मौलिक अधिकार और कर्तव्य परस्पर एक-दूसरे पर आश्रित हैं, एक का अधिकार दूसरे का कर्तव्य होता है, इसलिए हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पूरी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए ।
इस मौके पर छात्रों के बीच भारतीय संविधान पर आधारित भाषण, स्किट और क्विज प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कक्षा नौवीं और ग्यारहवीं के विद्यार्थियों ने संविधान संरचना, मौलिक अधिकारों और कर्त्तव्यों पर लघु नाटिका के माध्यम से अपनी प्रस्तुति दी। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे । मंच संचालन कक्षा बारहवीं की छात्रा एनम जबीन ने किया


