एशिया कप से पहले खुद को पूरी तरह तैयार करने के लिए ‘द हंड्रेड’ का पूरा फायदा उठा रही हूं: दीप्ति

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लीड्स : भारत की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा इस महीने के अंत में शुरू होने वाले महिला एशिया कप से पहले अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण तीनों विभागों में खुद को और बेहतर बनाने के लिए ‘द हंड्रेड’ में खेल रही हैं। महिला एशिया कप 28 अगस्त से दुबई में शुरू होगा। मौजूदा समय में दीप्ति गत चैंपियन सनराइजर्स लीड्स वुमैन के लिए गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।

दीप्ति ने ‘जियोस्टार’ से बातचीत में कहा, ‘‘फिलहाल मेरा पूरा ध्यान ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट पर है। 28 अगस्त से महिला एशिया कप शुरू हो रहा है जो भारतीय टीम के लिए बहुत महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मेरे लिए ‘द हंड्रेड’ में खेलना बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण तीनों विभागों में अपने कौशल पर काम करने का शानदार मौका है। मैं इस टूर्नामेंट का पूरा फायदा उठाने की कोशिश कर रही हूं ताकि एशिया कप में पूरी तैयारी के साथ उतर सकूं। ’’

दीप्ति ने कहा कि वह सनराइजर्स लीड्स के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की कोशिश कर रही हैं और इससे न केवल उनके व्यक्तिगत खेल में सुधार होगा बल्कि लंबे समय में टीम को भी फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘मैं सनराइजर्स लीड्स के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दे रही हूं। इससे एक खिलाड़ी के रूप में मेरा विकास होगा और आगे चलकर टीम को भी इसका लाभ मिलेगा। ’’
भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के महत्व पर दीप्ति ने कहा कि नीली जर्सी पहनना गर्व के साथ बड़ी जिम्मेदारी का भी अहसास कराता है और प्रशंसकों का समर्थन उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अतिरिक्त प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा, ‘‘जब आप भारतीय टीम की नीली जर्सी पहनते हैं तो यह आपके लिए, आपके परिवार के लिए और पूरे देश के लिए गर्व का क्षण होता है। यह सिर्फ एक जर्सी नहीं है, बल्कि वर्षों की मेहनत और त्याग का नतीजा है। ’’

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।