

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को ‘मुख्यमंत्री जन सेवा सदन’ में सड़क पर रहने वाले बच्चों के साथ रक्षा बंधन मनाया और उनसे बातचीत कर उनके सपनों और आकांक्षाओं को सुना। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बच्चों ने गुप्ता को राखी बांधी और इस त्योहार को सादगीपूर्ण तरीके से मनाया। गुप्ता ने बच्चों से उनकी शिक्षा, रुचियों और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में बातचीत की। उन्होंने बच्चों को उनकी शिक्षा और समग्र कल्याण के लिए दिल्ली सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि हर बच्चे को सपने देखने का अधिकार होना चाहिए और उन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक सहयोग मिलना चाहिए। बयान में कहा गया है कि इस बातचीत का मुख्य उद्देश्य वंचित पृष्ठभूमि के बच्चों का उत्साहवर्धन करना था।





