नयी दिल्ली : दिल्ली उच्च न्यायालय ने ओल्ड मॉन्क बनाने वाली कंपनी को अपने ‘आईक्यू’ जिन की बोतलबंदी ऐसी पैकेजिंग में करने से रोक दिया है, जो ‘ग्रेटर दैन’ जिन की पैकेजिंग से भ्रामक रूप से मिलती-जुलती है। उच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया कि ओल्ड मॉन्क और ‘आईक्यू’ जिन बनाने वाली कंपनी मोहन मीकिन लिमिटेड को जिन या किसी अन्य उत्पाद के लिए ‘आईक्यू’ नाम या उसके प्रतीक का इस्तेमाल करने से नहीं रोका गया है। कंपनी को अलग पैकेजिंग में जिन बेचने की छूट है।

न्यायमूर्ति पुरुषैंद्र कुमार कौरव ने कहा कि ‘ग्रेटर दैन’ जिन बनाने एवं बेचने वाली कंपनी नाओ स्पिरिट्स एंड बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड (वादी) का काले और सफेद रंगों पर एकाधिकार नहीं है। प्रतिवादी (मोहन मीकिन) इन रंगों का इस्तेमाल ऐसे तरीके से करने के लिए स्वतंत्र है, जिससे उसकी पैकेजिंग वादी के उत्पाद से भ्रामक रूप से मिलती-जुलती न हो। अदालत ने 26 नवंबर को अंतरिम आदेश पारित करते हुए कहा, ‘‘नई पैकेजिंग केवल बोतल के आकार में ही अलग नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसके स्वरूप में भी अंतर होना चाहिए।’’
वादी के अनुसार, ‘ग्रेटर दैन’ उसका प्रमुख उत्पाद है। यह लंदन ड्राई जिन है, जिसे 2016 में भारत में पेश किया गया था और यह भारतीय बाजार में शुरुआती घरेलू क्राफ्ट जिन में से एक है। वादी के अधिवक्ता ने कहा कि यह उसके जिन की बोतल के आकार और उत्पाद की बाहरी बनावट की नकल कर बाजार में भ्रम पैदा करने का मामला है। प्रतिवादी कंपनी 160 साल से अधिक समय से शराब कारोबार में है और ओल्ड मॉन्क, बिग बेन लंदन जिन तथा जामुन जिन जैसे ब्रांड बेचती है।
उसने अदालत को बताया कि वह 1996 से बीयर के लिए ‘आईक्यू’ नाम का इस्तेमाल कर रही है और अगस्त 2023 में विवादित ‘आईक्यू’ नाम से जिन बाजार में उतारा था। अदालत ने कहा कि वादी ने प्रतिवादी के ‘आईक्यू’ जिन की समग्र पैकेजिंग के संबंध में उत्पाद की नकल कर बाजार में भ्रम पैदा करने का मजबूत प्रथम दृष्टया मामला बनाया है। अदालत ने कहा कि प्रस्तावित आदेश से प्रतिवादी को जिन बेचने या ‘आईक्यू’ नाम का इस्तेमाल करने से नहीं रोका गया है, बल्कि उसे अपने जिन को अलग पैकेजिंग में बेचने का निर्देश दिया गया है।


