नई दिल्ली : डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित इंटक राष्ट्रीय विलय सम्मेलन में इंटक के दोनों गुट एक हो गए। इस अवसर पर प्रतिनिधियों ने केएन त्रिपाठी को संयुक्त इंटक का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध रुप से चुना। वहीं, अभय कुमार दुबे को (वरिष्ठ उपाध्यक्ष) और के. के. तिवारी जी (महासचिव) की जिम्मेवारी मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार उपस्थित रहीं। इसी तरह एआईसीसी पर्यवेक्षक के रूप में क़ाज़ी मोहम्मद निज़ामुद्दीन उपस्थित रहे।


अध्यक्ष चुने जाने के बाद केएन त्रिपाठी ने कहा कि सम्मेलन के मुख्य प्रस्ताव में हमने नई कार्यसमिति मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंपी है, ताकि वे संगठन का एकीकरण कर एक संयुक्त इंटक बनाएं। साथ ही श्रम कानूनों और मज़दूरों से जुड़े अहम विषयों पर भी प्रस्ताव पारित किए गए। 1947 में गांधी जी और सरदार पटेल के आशीर्वाद से शुरू हुआ यह सफ़र आज एक आवाज़ के साथ आगे बढ़ा है। अब हमारा संकल्प है कि यह एकता देश की हर खदान, हर कारख़ाने, हर रेलवे यार्ड, हर बैंक और हर असंगठित मज़दूर तक पहुंचे।


